पुल निर्माण नहीं हुआ तो भूख हड़ताल की चेतावनी

आंवला, बरेली। जनपद के आंवला मे अरिल नदी पर रपटा पुल की जगह स्थायी पुल निर्माण की मांग को लेकर सोमवार को क्षेत्रीय ग्रामीणों ने तहसील परिसर में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। मुदित प्रताप सिंह और अतुल कुमार सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में ग्राम अतरछेड़ी, करपिया, नैनपुर, चमनगौटिया, सादुल्लागंज, डरुआपुर समेत करीब एक दर्जन गांवों के ग्रामीण तहसील पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि सात सितंबर की शाम इसी पुल से बाइक से निकलते समय प्रेम मौर्य (20), नितिन मौर्य (24) और दीपक वाल्मीकि (19) नदी में डूब गए थे। प्रशासन के प्रयास के बाद तीन दिन में तीनों के शव बरामद हुए थे। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले वर्षों में भी इस रपटा पुल पर पानी में डूबने से करीब 18 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद पुल निर्माण की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने ग्राम हरूनगला वनखंडी के पास अरिल नदी पर बने रपटा के स्थान पर स्थायी पुल, डरुआपुर के समीप मौतिया रपटा पुल के स्थान पर पुल तथा ग्राम निसोई से अलीगंज मार्ग के बीच पुलिया निर्माण की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि 30 दिन के अंदर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो डरुआपुर पुल पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही चुनाव बहिष्कार करने की चेतावनी भी दी। ज्ञापन देने वालों में नीरज, केपी सिंह, बबलू, दिनेश सिंह, विंटू लाल, पवन पटेल, कुलदीप पटेल, वृक्षपाल सिंह, भोला सिंह, ढकन सिंह, रिंकू, सौरभ शर्मा, पवन दिवाकर आदि मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *