सड़क किनारे गोवंशीय पशु मरे मिलने से फैला आक्रोश, लगाया जाम

अलीगंज, बरेली। जनपद के अलीगंज-सिरौली मार्ग पर गांव भजनई के पास सोमवार को सड़क किनारे दो गोवंशीय पशु मरे मिलने से लोगों में आक्रोश फैल गया। सांड़ का सिर धड़ से गायब था। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और बजरंग दल के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सड़क पर हंगामा कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार, मार्ग से गुजरते समय उन्होंने सड़क किनारे गोवंश के शव पड़े देखे। सांड़ का सिर गायब होने के कारण प्रथम दृष्टया असामाजिक तत्वों द्वारा गोकशी किए जाने की आशंका जताई। घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के ब्लॉक अध्यक्ष सदेश पाराशरी, मंडल अध्यक्ष शिवम हिंदू, ब्लॉक महामंत्री आकाश मौर्य, नगर उपाध्यक्ष दिनकर शर्मा कार्यकर्ताओं के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने घटना पर कड़ा रोष जताते हुए मामले से स्थानीय पुलिस को अवगत कराया। संगठन के पदाधिकारियों ने सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस ने समझाकर जाम को खुलवाया। जाम में एंबुलेंस भी लगभग 30 मिनट तक एक मरीज को लिए खड़ी रही। ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की जांच कर अज्ञात असामाजिक तत्वों की पहचान की जाए और सख्त से सख्त कार्रवाई हो। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी। शाम को दोबारा से धरने पर बैठे कार्यकर्ता : शाम के समय अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद, बजरंग दल और अन्य संगठनों के कार्यकर्ता फिर से धरने पर बैठ गए। पुलिस ने समझाया-बुझाकर शांत किया। संगठनों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़े एक्शन की मांग उठाई है। पशु चिकित्सा अधिकारी नरेश चंद्र शर्मा, खंड विकास अधिकारी भगवानदास वर्मा भी मौके पर पहुंचे। शवों आगे की कार्रवाई को भेजे गए हैं। एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा व सीओ हेमन्त उपाध्याय ने हिन्दू संगठनों को समझाते हुए कहा है कि तहसील सभागार में बातचीत की जाएगी। जो भी मामला होगा, उसके समाधान के प्रयास किए जाएंगे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *