फरीदपुर, भुता, बरेली। जनपद के थाना भुता के ग्राम सिंघाई मुरावान और गुलड़िया के बीच बने पुल पर करीब चार फीट पानी बहने से मुख्य मार्ग बंद है। लगातार कई दिनों से आवागमन बाधित होने से परेशान ग्रामीण शनिवार को आक्रोशित हो गए। पुल के पास बैठकर ग्रामीणों ने धरना दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत किया। भुता के सिघाई मुरावान के पास पुल के ऊपर कई दिनों से पानी चल रहा था। इस वजह से ग्रामीणों का आवागमन बंद था। ग्रामीण तहसील प्रशासन से शिकायत करके राहत कार्य जाने की मांग की, लेकिन प्रशासन ने उनकी बात को ध्यान नहीं दिया। शनिवार को आसपास से इलाके के सैकड़ों ग्रामीण नारेबाजी करते हुए पुल के पास पहुंच गए। उन्होंने धरना देना शुरू कर दिया। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए हिंदू जागरण मंच के युवा जिला अध्यक्ष हिमांशु पटेल तमाम कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी भुता एवं बरेली तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। ग्रामीणों ने प्रशासन से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की भी मांग की है। इस मौके पर निर्दोष राठौड़, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अरुण पटेल, पूर्व प्रधान वीरपाल सिंह, छोटे लाल, डॉक्टर सुखपाल सिंह, मूलचंद्र, अनीस अहमद, मोहम्मद हसनैन, मोहम्मद नदीम, अतुल पटेल और गुलहसन समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। ग्रामीणों की मांग है कि जब तक पुल से पानी नहीं उतरता, तब तक प्रशासन द्वारा सुरक्षित वैकल्पिक आवागमन की तत्काल व्यवस्था कराई जाए। साथ ही पुल के दोनों ओर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई दुर्घटना न हो। ग्रामीणों ने कहा कि यह मार्ग आसपास के गांवों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। लंबे समय तक मार्ग बंद रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।।
बरेली से कपिल यादव
