आंवला, बरेली। जनपद के थाना आंवला नगर के मोहल्ला खेड़ा मे शुक्रवार तड़के सुबह प्रेम प्रसंग को लेकर चल रही रंजिश में एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया गया। गोली युवक के हाथ में लगी है। सीएचसी से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। विश्व हिंदू परिषद, अंतरराष्ट्रीय विश्व हिंदू परिषद और हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने थाने पहुंचकर आक्रोश व्यक्त किया। मोहल्ला खेड़ा के नरेश प्रजापति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार सुबह लगभग पांच बजे जैसे ही वह अपने घर के बाहर निकला, वहां पहले से घात लगाए हमलावरों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से उस पर तमंचे से फायर किया, गोली नरेश के बाएं हाथ में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर चीखने-चिल्लाने लगा। गोली की आवाज और चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग तुरंत घर से बाहर निकल आए और हमलावरों को ललकारा। इस पर हमलावर गाली-गलौज करते हुए और जान से मारने की धमकी देते हुए तमंचा लहराते हुए मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और स्थानीय लोग थाने पहुंचे और पुलिस प्रशासन से रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग करने लगे। पांच मई 2025 को विपक्षी की ओर से नरेश के खिलाफ लड़की को भगा ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। उसी समय से दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी। इस मामले में कोतवाल बीनू सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उस आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले मे दूसरे पक्ष की महिला जूबी ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि विपक्षी दबंगई दिखाते हुए उनके घर मे आ गए और गाली-गलौज करते हुए पुराने मुकदमे मे समझौते का दबाव बनाया। आरोप है कि उन्हे फंसाने के लिए षड्यंत्र रचा गया है।।
बरेली से कपिल यादव
