नवाबगंज, बरेली। जनपद के नवाबगंज क्षेत्र की डिजिटल लाइब्रेरियों में विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी है। अब तक लाइब्रेरियों में कम्प्यूटर ही नही पहुंच सके है। शुक्रवार को एसडीएम सचिन यादव ने क्षेत्र के चार गांवों की डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण तो कहीं भी कंप्यूटर सिस्टम की व्यवस्था नहीं मिली। इस पर एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए जल्द कंप्यूटर मंगवाकर उन्हें चालू कराने के निर्देश दिए। शुक्रवार को एसडीएम सचिन यादव ने बकैनिया, रिछोला किफायतुल्ला, ढकिया बरकली और मधु नगला गांव की डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। उन्होंने लाइब्रेरी में इंटरनेट, मेज-कुर्सी, साफ-सफाई समेत विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति देखी। कंप्यूटर नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जतायी। उन्होंने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी का मकसद विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को पढ़ाई के लिए आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराना है। लाइब्रेरी में आने वाले विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने इंटरनेट और अन्य डिजिटल संसाधनों को सुचारु रखने के साथ साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। वही डिजिटल लाइब्रेरियों के निरीक्षण के बाद एसडीएम ने बिथरी गांव के प्राथमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया। यहां कई कमरे जर्जर हालत में मिले। इस पर उन्होंने खंड शिक्षाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिस पर खण्ड शिक्षा अधिकारी ने उन्हें बताया कि विद्यालय के जर्जर भवन का शीघ्र ही निर्माण कराया जाएगा।।
बरेली से कपिल यादव
