किला नदी उफनी, कॉलोनियों में घुसा पानी, मेयर ने देखा हाल

बरेली। किला नदी का जलस्तर बढ़ने से बुधवार को शहर के वार्ड-55 की कई कॉलोनियों में पानी घुस गया। कर्मचारी नगर, सैदपुर हॉकिंग, लाजपतनगर, केसर वाटिका और त्रिवेणी एन्क्लेव में जलभराव से लोगों की परेशानी बढ़ गई। नदी का पानी कॉलोनियों की ओर बढ़ने की सूचना पर मेयर डॉ. उमेश गौतम, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य और बाकी अधिकारियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। टीम ने किला नदी के बढ़े जलस्तर और कॉलोनियों में भरे पानी की स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान नदी के किनारे बाउंड्री टूटी हुई मिली। बाउंड्री टूटने के कारण नदी का पानी आसपास के रिहायशी क्षेत्रों की ओर फैलने का खतरा बना हुआ था। महापौर ने मौके पर ही अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टूटी बाउंड्री वाले हिस्से को बालू के कट्टों से तत्काल रोका जाए, ताकि पानी का बहाव कॉलोनियों की ओर न बढ़े। साथ ही नदी किनारे आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने को कहा गया। मेयर के निर्देश के बाद मौके पर ही टूटी बाउंड्री को रोकने का काम शुरू करा दिया गया। नदी किनारे संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग भी कराई जाने लगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि काम में देरी न हो और जलस्तर पर लगातार नजर रखी जाए। वही किला नदी का पानी कॉलोनियों में पहुंचने के बाद नगर निगम ने जल निकासी का काम भी शुरू कराया। प्रभावित क्षेत्रों में टीमों को लगाया गया और उपलब्ध संसाधनों से पानी निकालने की कार्रवाई शुरू की गई। पानी की निकासी शुरू होने के बाद कॉलोनीवासियों ने राहत की सांस ली। हालांकि नदी का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में दोबारा पानी आने की आशंका को देखते हुए लोगों में चिंता बनी हुई है। मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किला नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी की जाए। जिन स्थानों पर पानी के कॉलोनियों में आने की आशंका है, वहां पहले से सुरक्षा इंतजाम किए जाएं। उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों में जल निकासी का काम तेजी से पूरा कराने को कहा। नगर निगम और सिंचाई विभाग की टीमें मौके पर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *