शाहजहांपुर। जनपद शाहजहांपुर सर्राफा व्यापारी के पुत्र को तिलहर थाने के चार सिपाहियों समेत एक अज्ञात व्यक्ति ने शनिवार रात मादक पदार्थ की तस्करी करने में जेल भेज देने की धमकी देकर घरवालों से दो लाख रुपये वसूल लिए और फिर उसे छोड़ दिया। यह मामला अधिकारियों तक पहुंचा तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दो सिपाहियों को गिरफ्तार कर लिया है। तिलहर नगर के मोहल्ला कानूनगोयान निवासी सुंदरम क्षत्रिय की बुधुआना मे मंगलम ज्वैलर्स के नाम से सर्राफा की दुकान है। सुंदरम के अनुसार शनिवार रात करीब आठ बजे एक अज्ञात मोबाइल नंबर से उसके पास आई कॉल में कहा गया कि उसे दस हजार रुपयों की जरूरत है। सुंदरम ने उससे कहा कि वह दुकान बंद करके अपने घर जलालाबाद आ चुके है। कुछ देर बाद दोबारा उस नंबर से कॉल कर सुंदरम से कहा गया कि वह जलालाबाद आ गया है और उससे सरैंया मोड़ पर आकर मिलो। सुंदरम ने बताया कि वह सरैंया मोड़ पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि पूर्व मे जलालाबाद मे तैनात रह चुके चार सिपाही जो मौजूदा समय तिलहर थाने मे तैनात है। वह सादा वर्दी पहने वहां खड़े हैं। उन सिपाहियों के साथ एक अज्ञात व्यक्ति भी था। उन लोगों ने उससे कहा कि फर्रुखाबाद हाइवे स्थित भटादेवर वाली मोड़ पर साथ चलो। पहले से परिचित होने के कारण वह उन लोगों के साथ अपनी बाइक से भटादेवर मोड़ पहुंचे। वहां एक अंधेरी जगह रुककर उन लोगों ने सुंदरम की तलाशी लेनी शुरू कर दी। बाद में एक आरोपी ने अपनी जेब से एक पालिथीन निकालकर उसकी बाइक के झोले मे रख दी और बोले कि तुम मादक पदार्थ की तस्करी करते हो। इस बात को लेकर वह लोग उन्हें हड़काने लगे और अपने साथ जबरदस्ती तिलहर थाने की बिरियागंज चौकी लेकर पहुंच गए। यहां पहुंचने के बाद उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। मारपीट की गई और जेल जाने से बचने के लिए तीन लाख रुपयों का इंतजाम करने को कहा। रुपयों को लेकर आरोपियों ने फोन करके सर्राफा के पिता व अन्य परिजनों को धमकाया। इस बात की उनके घरवालों के पास ऑडियो रिकार्डिंग है। कुछ जगह लगे कैमरों की फुटेज भी है। बाद मे रात करीब डेढ़ बजे उसे दो लाख रुपये लेकर वहां से छोड़ा गया। आरोप है कि इस दौरान सिपाहियों ने उन्हें व उनके पिता या अन्य परिजनों को धमकी दी कि यदि उसने कही शिकायत की तो अंजाम बुरा होगा। सीओ दीपक सिंह ने बताया कि इस मामले मे तिलहर थाने में तैनात सिपाही अरूण चित्तौडिया, पंकज, तुषार व वीरेंद्र के अलावा नगर निवासी एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। सिपाही पंकज व वीरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। चारों सिपाही निलंबित कर दिए गए है।।
बरेली से कपिल यादव
