बरेली। जनपद के थाना कैंट पुलिस ने गोकशी के मामले में वांछित आरोपी छोटा उर्फ राशिद को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसके पास से हथियार, कारतूस, स्कूटी और पशु कटान के उपकरण बरामद किए हैं। यह मुठभेड़ गुरुवार को तड़के करीब साढ़े तीन बजे कैंट थाना क्षेत्र के कठपुला पुल के पास हुई। सीओ सिटी प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त कर रही थी। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गोकशी के मुकदमे में वांछित आरोपी कठपुला पुल से गुजरेगा। सूचना पर पुलिस टीम कठपुला पुल की ओर रवाना हुई। कृष्णा कॉलोनी की तरफ से एक व्यक्ति स्कूटी पर आता दिखा। पुलिस को देखकर उसने स्कूटी तेजी से भगाना शुरू कर दिया। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। गड्ढे और फिसलन के कारण उसकी स्कूटी कठपुला पुल के पास गिर गई। खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। उसने कठपुला पुल के पास मैदान की ओर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इसमें बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। सीओ सिटी ने बताया कि घायल आरोपी की पहचान छोटा उर्फ राशिद के रूप में हुई है। वह पीलीभीत जिले के बीसलपुर का निवासी है। यह आरोपी थाना कैंट में दर्ज प्राथमिकी में वांछित था। यह प्राथमिकी 23 अगस्त को नकटिया नदी के पुल के पास गोवंशीय अवशेष मिलने के बाद गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत दर्ज की गई थी। मामले में 30 अगस्त को दो अन्य आरोपी पैकर इल्मास वारसी खान और नन्हे बाबू उर्फ अतीक खान को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।।
बरेली से कपिल यादव
