बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। नगर पंचायत की कान्हा गोशाला में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दो सभासद व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे। सभासदों का आरोप है कि गोशाला में अव्यवस्थाओं को लेकर कर्मचारी और केयरटेकर से सवाल-जवाब करने के बाद जैसे ही वे गेट के बाहर आए, गोशाला का गेट अंदर से बंद कर ताला डाल दिया गया। सभासदों ने आरोप लगाया कि यह ताला अधिशासी अधिकारी के आदेश पर डाला गया, ताकि गोशाला में चल रही कथित अनियमितताएं सामने न आ सकें। सभासद अबोध सिंह और धर्मेन्द्र सिंह उर्फ मोनू ने बताया कि चारे में अनियमितता की सूचना पर उन्होंने एसडीएम के निर्देश पर पहुंचे लेखपाल आदित्य कुमार के साथ गौशाला की व्यवस्थाएं देखी। आरोप है कि मौके पर चोकर और हरा चारा नही था, जबकि दो-ढाई कुंतल भूसा रखा था। जिसमें से बदबू आ रही थी। लेखपाल ने निरीक्षण कर पूरी रिपोर्ट एसडीएम निधि शुक्ला को सौंप दी है। वही ईओ पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि चोकर और भूसा एक दिन पहले ही खत्म हुआ था। जिसे सोमवार को पहुंचा दिया गया है। गौशाला की सभी व्यवस्थाएं ठीक है।एसडीएम निधि शुक्ला ने बताया कि ईओ को निर्देश दिया गया है कि चारा-चोकर खत्म होने से एक दिन पहले ही गौशाला में पहुंचा दिया जाए।।
बरेली से कपिल यादव
