बरेली। जनपद के थाना इज्जतनगर क्षेत्र में पीलीभीत बाइपास पर शुक्रवार रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरा, जबकि उसकी स्कूटी कार के अगले हिस्से में फंस गई। इसके बावजूद कार नहीं रुकी और स्कूटी करीब दो किलोमीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। रास्ते से गुजर रहे लोगों ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि बाद में दोनों पक्षों ने इज्जतनगर थाने पहुंचकर समझौता कर लिया। नार्थ सिटी निवासी अथर्व गंगवार ने बताया कि वह शुक्रवार रात स्कूटी से पीलीभीत बाइपास से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार के सामने अचानक गाय आ गई। गाय को बचाने के प्रयास में चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया और कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि अथर्व स्कूटी से उछलकर दूर जा गिरे। गनीमत रही कि वह कार की चपेट में नहीं आए और बड़ा हादसा टल गया। दूसरी ओर उनकी स्कूटी कार के अगले हिस्से में फंस गई। आरोप है कि इसके बाद भी कार चालक ने वाहन नहीं रोका। स्कूटी सड़क पर रगड़ खाते हुए करीब दो किलोमीटर तक कार के साथ घिसटती चली गई। कार के आगे फंसी स्कूटी को घिसटते देख रास्ते से गुजर रहे लोग भी हैरान रह गए। इसी दौरान एक राहगीर ने घटना का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर पहुंचते ही तेजी से वायरल होने लगा। घटना के बाद दोनों पक्ष इज्जतनगर थाने पहुंचे। थाना प्रभारी के मुताबिक स्कूटी की मरम्मत कराने और घायल के इलाज का खर्च उठाने की बात पर दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। दोनों पक्षों ने पुलिस को लिखित रूप से किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं करने की बात कही है।।
बरेली से कपिल यादव
