आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद माने परिजन, तब हुआ अंतिम संस्कार

शेरगढ़, बरेली। जनपद के थाना शेरगढ़ के गांव महिमानगला में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत हो गई। रविवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा। मृतक के परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। परिजन मामले में नामजद दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए।गांव में स्थिति को देखते हुए शेरगढ़ के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार व बहेड़ी, शीशगढ़ थानों के इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा व जितेन्द्र कुमार सिंह अपनी-अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को घंटों समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार नहीं हुए। जिला पंचायत सदस्य ममता गंगवार भी मृतक के परिजनों से मिलने पहुंची और उनसे बातचीत कर ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। वही पुलिस ने मामले मे मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत मे ले लिया। बाद मे परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। मृतक की पत्नी भी सुबह घर से कहीं चली गई थी। गांव में चर्चा थी कि वह मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से करने गई है। दोपहर बाद तक उसके वापस न लौटने के कारण भी अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू नही हो सकी। करीब तीन बजे के आसपास उसके गांव लौटने और पुलिस द्वारा आरोपियों को हिरासत में लिए जाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार को तैयार हुए। इसके बाद मृतक के शव की अंत्येष्टि की प्रक्रिया शुरू कराई गई। गांव में पूरे घटनाक्रम के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *