मीरगंज, बरेली। जनपद के थाना मीरगंज क्षेत्र मे बहन के घर राखी बंधवाने आए बिसौली के अधेड़ का शव गुगई गांव मे तालाब मे पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव तालाब से निकाल कर कब्जे में ले लिया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई कर रही है। क्षेत्र के गांव गुगई में तालाब में शनिवार की शाम को अज्ञात व्यक्ति का शव ग्रामीणों ने देखा। सूचना पर पुलिस भी गांव पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव तालाब से बाहर निकाला। शव से तीव्र दुर्गंध निकल रही थी। गांव के राहुल ने मृतक की शिनाख्त अपने मामा नरेश (45) पुत्र डोरी लाल निवासी मोहल्ला कटरा बिसौली बदायूं के रूप में की। गांव के राजू भारती ने बताया नरेश रक्षाबंधन पर बहन से राखीं बंधवाने 27 अगस्त को घर से गुगई आए थे। उनके आने से पहले बहन रामबेटी राखी बांधने बिसौली चली गई। बहन के बिसौली जाने की बात सुनकर नरेश शाम को घर जाने की बात कह कर राहुल के घर से चले गए। एक दिन बाद रामबेटी भी मायके से घर आ गई। नरेश अपने घर नही पहुंचे। रिश्तेदार और परिजन उनको तलाश रहे थे। रिश्तेदारों ने बताया नरेश ड्रिंक बहुत करते थे। रिश्तेदारों ने उनके परिजनों को सूचना दे दी। पुलिस ने शव कब्जे मे ले लिया। पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी कर रहा है।।
बरेली से कपिल यादव
