बरेली।मेयर उमेश गौतम और पार्थ गौतम फाउंडेशन के अध्यक्ष पार्थ गौतम की ओर से गुरुवार को बरेली क्लब में रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करीब 40 हजार महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। बरेली क्लब का मेला मैदान महिलाओं से खचाखच भर गया। मेयर उमेश गौतम ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक बार इन बहनों से रिश्ता जुड़ गया तो मरने के बाद भी खत्म नहीं होगा, मेरे बाद बेटा अपनी सभी बुआओं का ख्याल रखेगा…। बारिश की रिमझिम फुहारों के बीच बरेली क्लब में “हर बहन का अभिनंदन रक्षाबंधन” कार्यक्रम में सुबह से ही महिलाओं का उमड़ना शुरू हो गया। शहर के कोने-कोने से लेकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से महिलाएं कार्यक्रम का हिस्सा बनने पहुंचती रही। बस, टेंपो और निजी वाहनों से भी यहां महिलाओं का पहुंचना जारी रहा। हालात ये हो गए कि बरेली क्लब के पास-पास दिनभर जाम स्थिति बनी रही। भीड़ को देखते हुए पुलिस को कई जगह बैरिकेड लगाने पड़े। दोपहर को मंच से कार्यक्रम शुरू हुआ। उमस के बीच भीड़ से खचाखच भरे मैदान में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की महक बिखरती रही। हालांकि उमस और भीड़ के दबाव के कारण कुछ पल के लिए यहां व्यवस्थाएं नाकाफी लगने लगीं, लेकिन वॉलिंटियर्स ने स्थिति संभाल ली। मेयर के बेटे पार्थ गौतम ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मुझे दिल से खुशी है कि इतनी बड़ी संख्या में माताएं-बहनें उन्हें आशीर्वाद देने पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि उनके इस प्रेम के सामने मेरा सिर, हमेशा सम्मान में झुका रहेगा, फिर चाहे कितने ही बड़े मुकाम पर क्यों न पहुंच जाऊं। कार्यक्रम में पहुंची महिलाओं को उपहार देकर विदा किया गया। रक्षाबंधन कार्यक्रम मे पहुंची बहनों ने मेयर उमेश गौतम और उनके बेटे पार्थ गौतम को राखी बांधी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मुस्लिम महिलाएं भी राखने बांधने पहुंची।।
बरेली से कपिल यादव
