बरेली। सरकारी नौकरी का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाली फर्जी आईएएस विप्रा शर्मा और उसके साथियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी। बारादरी पुलिस ने उसका गैंग चार्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही विप्रा शर्मा के पिता वीरेंद्र शर्मा पर भी शिकंजा कसने की तैयारी है। बता दें कि बारादरी पुलिस ने 28 अप्रैल को फर्जी आईएएस विप्रा शर्मा के गैंग का भंडाफोड़ किया था। उस दौरान डॉ. विप्रा शर्मा, उसकी बहन शिखा शर्मा और ममेरी बहन दीक्षा पाठक को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया था। तभी से वे तीनों जेल में हैं। फर्जी आईएएस डॉ. विप्रा शर्मा के पिता वीरेंद्र शर्मा को भी कई मुकदमों में नामजद किया गया है। लोगों ने आरोप लगाया है कि जब वे लोग विप्रा से मिलने घर जाते थे तो वीरेंद्र शर्मा भी उन्हें बातों में फंसाता था। कुछ लोगों ने वीरेंद्र शर्मा को रुपये देने की बात भी कही है। मगर अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। एएसपी शिवम आशुतोष सिंह ने बताया कि टीम लगाकर वीरेंद्र शर्मा की भी गिरफ्तारी कराई जाएगी। एसएसपी अनुराग आर्य के अनुसार फर्जी आईएएस बनकर लोगों से ठगी करने वाले वाली विप्रा शर्मा अपने परिवार के लोगों के साथ गिरोह बनाकर काम कर रही थी। अब तक इस गिरोह के खिलाफ मुकदमे दर्ज हो रहे हैं। अब इस गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
