सिरौली, बरेली। चार दिन से लापता एक युवक का शव सोमवार रात सिरौली थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव में रामगंगा नदी के किनारे मिला। शव की पहचान के बाद उसे पोस्टमॉर्टम के लिए लाया गया है। परिजन हत्या की आशंका जता रहे है हालांकि पुलिस अभी कुछ कहने से बच रही है। पोस्टमॉर्टम व जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करने की बात कही है। सोमवार को नदी किनारे शव देखकर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। उन्होंने तत्काल सिरौली थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची तो मृतक की पहचान नामदारगंज गांव निवासी अर्जुन आर्य के रूप में हुई। शव की गर्दन, चेहरा और दोनों हाथ जंगली जानवर नोचकर खा गए थे। अन्य कई जगह भी जानवरों ने शव को नोचा था। सीओ मीरगंज अजय कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली और फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच के बाद शव पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट न होने के चलते बिसरा सुरक्षित किया गया। फिलहाल परिजन ने पुलिस को कोई तहरीर नही दी है। अर्जुन के ताऊ ब्रह्मप्रकाश ने बताया कि अर्जुन 22 अगस्त को दोपहर दो बजे घर से निकला था। पूरे दिन वापस न आने पर उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद 24 अगस्त को थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पुलिस जांच मे जुटी है। अर्जुन का छोटा भाई गोपी पकौड़ी बेचता है। उसके पिता अरविंद हरियाणा में नौकरी करते हैं और मां का निधन हो चुका है। सीओ मीरगंज अजय कुमार ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।।
बरेली से कपिल यादव
