बरेली। कांवड़ यात्रा में शामिल दोपहिया वाहन चालकों की सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सेंट्रल यूपी चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से रविवार को बरेली क्लब में नि:शुल्क मेगा हेलमेट वितरण शिविर आयोजित किया गया। इसमें 100 से अधिक दोपहिया वाहन चालकों और कांवड़ियों को नि:शुल्क हेलमेट वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित यात्रा के लिए लोगों को जागरूक भी किया गया। मुख्य अतिथि मंडलायुक्त शंभू कुमार ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने से व्यक्ति अपनी सुरक्षा के साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान की भी रक्षा करता है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना केवल नियम का पालन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी है। इस दौरान एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान, आरटीओ बरेली पंकज सिंह ने हेलमेट के नियमित इस्तेमाल और सड़क सुरक्षा मानकों का पालन करने का आह्वान किया। इस दौरान संस्था के अध्यक्ष राजीव शिंघल, सचिव शरद अग्रवाल आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
