बरेली। डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आकांक्षी विकास खंडों की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई। रैंकिंग पीछे रहने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्धारित मानकों में सुधार और विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि आकांक्षी ब्लॉकों की प्रगति की समीक्षा नीति आयोग लगातार करता है। ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक माह अनिवार्य रूप से समीक्षा बैठक आयोजित कर प्रगति की निगरानी की जाए। शिक्षा की गुणवत्ता में पिछड़े ब्लॉकों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए डीएम ने बीएसए को बीडीओ के माध्यम से विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कराने को कहा। गौशालाओं में गोवंश के खुरपका मुंहपका रोग से बचाव के लिए चल रहे टीकाकरण अभियान में तेजी लाने को मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से कहा गया। पीएम आवास योजना में बहेड़ी और शेरगढ़ ब्लॉक की प्रगति अपेक्षाकृत कम मिलने पर संबंधित बीडीओ को नियमित मॉनिटरिंग कर सुधार के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि आकांक्षी ब्लॉकों में अधिक से अधिक विकास कार्य कराकर योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए। सीडीओ देवयानी, पीडी डीआरडीए चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, बीएसए डॉ. विनीत, डीपीआरओ कमल किशोर पांडे आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
