फरीदपुर, मीरगंज, बरेली। प्राथमिक विद्यालय खनपुरा का उप जिलाधिकारी विदुषी सिंह ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कुल 327 विद्यार्थी पंजीकृत पाए गए। जिनमें से 310 विद्यार्थी उपस्थित मिले। विद्यालय में कुल चार शिक्षकों की तैनाती हैं, जिनमें से दो शिक्षक विद्यालय में उपस्थित पाए गए, जबकि एक शिक्षक प्रशिक्षण पर तथा एक शिक्षिका मातृत्व अवकाश पर पाई गई। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने विद्यालय में संचालित मध्याह्न भोजन योजना की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। मौके पर भोजन बना हुआ पाया गया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा वितरण व्यवस्था का अवलोकन किया। एसडीएम को निरीक्षण मे कोई कमी नही दिखी। वही मीरगंज मे गुरुवार को एसडीएम निधि शुक्ला ने ग्राम सिंधौली स्थित कस्तूरबा बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रसोईघर, आवासीय व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कक्षाओं में जाकर छात्राओं से पढ़ाई एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में वार्ता की और पढ़ाई की गुणवत्ता को देखा तथा छात्राओं को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन का मेन्यू, पोषाहार एवं स्वास्थ्य जांच आदि की भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान समस्त व्यवस्थाएं संतोजषनक पायी गयी। निरीक्षण के समय विद्यालय से मधुवाला, रेनू यादव, अल्का कक्कड़, प्रीति, कल्पना, सहित समस्त स्टाफ एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।।
बरेली से कपिल यादव
