बरेली। माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय में तैनात वरिष्ठ सहायक को सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपित ने इंटरमीडिएट की मार्कशीट में नाम व माता के नाम में हुई गलती को सही कराने के एवज में रिश्वत मांगी थी। माध्यमिक शिक्षा परिषद क्षेत्रीय कार्यालय के कमरा नंबर 22 में तैनात वरिष्ठ सहायक मोहम्मद नवेद पर शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायतकर्ता के मुताबिक उसकी इंटर की मार्कशीट मे उसके नाम के आगे लगे कु. और माता के नाम सुनीता के स्थान पर ‘उनीता’ दर्ज हो गया था। इसे सही कराने के लिए नवेद ने 10 हजार रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत विजिलेंस कार्यालय में की। मामले की प्रारंभिक जांच कराई है तो रिश्वत मांगने के आरोप की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। गुरुवार को टीम ने माध्यमिक शिक्षा परिषद क्षेत्रीय कार्यालय में शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये नकद रिश्वत लेते हुए मौहम्मद नवेद को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।।
बरेली से कपिल यादव
