भमोरा, बरेली। जनपद के थाना भमोरा क्षेत्र मकरंदपुर स्टेशन के पास चलती ट्रेन में पत्थर लगने से एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। पत्थर लगने से यात्री के पैर में फ्रैक्चर हो गया है। घायल यात्रा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल यात्री विकास श्रीवास्तव किला थाना क्षेत्र के साहूकारा मोहल्ला के निवासी है। विकास ने बताया कि मंगलवार सुबह वह किसी काम से बदायूं गए थे। शाम करीब सात बजे वह बदायूं से ट्रेन से वापस बरेली लौट रहे थे। मकरंदपुर स्टेशन (भमोरा) के पास किसी ने चलती ट्रेन पर पत्थर फेंक दिया। यह पत्थर ट्रेन में गेट के पास खड़े विकास के दाएं पैर में घुटने के नीचे जा लगा। पत्थर लगने से वह ट्रेन में ही गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद उन्हें सिटी स्टेशन पर उतारकर प्राथमिक उपचार दिया गया। आरपीएफ ने एंबुलेंस की मदद से घायल विकास को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि उनके पैर में फ्रैक्चर हुआ है। उनका उपचार अभी जारी है।।
बरेली से कपिल यादव
