मुठभेड़ में पांच बदमाश गिरफ्तार, तीन के लगी गोली

बहेड़ी, बरेली। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनमें से चार बदमाश बहेड़ी में गिरफ्तार किए गए, जिनमें से दो के पैर में गोली लगी और दो बाइक फिसलने के चलते गिरकर घायल हो गए। आंवला में मुठभेड़ में गिरफ्तार 25 हजार के इनामी बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी है। देवरनिया थाना क्षेत्र के कनमन गांव निवासी चंद्रपाल पुत्र सेवाराम अपनी पत्नी और सलहज के साथ 18 जून की शाम एक दावत से लौट रहे थे। बहेड़ी में चुरैली नहर पुलिया के पास बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और उनकी पत्नी तथा सलहज के कानों के कुंडल समेत अन्य सामान लूटकर फरार हो गए थे। घटना की जांच के दौरान पुलिस ने सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से छह बदमाशों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी। सोमवार रात पचपेड़ा चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान मुड़िया नवी बख्श की ओर से दो बाइक पर सवार छह संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर सभी भागने लगे। सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा भी टीम के साथ उनकी घेराबंदी में जुट गए। पीछा करने पर बदमाशों ने अपनी बाइक लवेदी की ओर मोड़ दी, लेकिन तेज रफ्तार के कारण दोनों बाइक अनियंत्रित होकर गिर गईं। इससे दो बदमाश घायल हो गए और बाकी खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस द्वारा पीछा करने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से विकास पुत्र विलेंद्र उर्फ बनवारी लाल और सौरभ पुत्र सुरेंद्र पाल घायल हो गए। ललित पुत्र पोशाकी और सचिन पुत्र लेखराज बाइक गिरने से चोटिल हो गए। चारों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जो नवाबगंज के गांव पडरी के रहने वाले हैं। उनके कब्जे से दो तमंचे 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक तमंचा 12 बोर तथा लूटे गए एक जोड़ी टॉप्स बरामद किए गए हैं। उनके दो फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। वारदात में छह अपराधियों के शामिल होने के चलते पुलिस ने डकैती की धारा बढ़ा दी है। अपहरण की कोशिश समेत तीन केस में वांछित था संजय : सीओ नितिन कुमार ने बताया कि आंवला पुलिस ने रविवार को रेवती के पास मुठभेड़ के दौरान ताड़गंज निवासी संजय यादव को गिरफ्तार किया है। उसके दोनों पैरों में गोली लगी है। संजय यादव गैंगस्टर और जानलेवा हमला समेत तीन मुकदमों में वांछित था। 19 जून को संजय ने अपने दो साथियों के साथ पुरैना ढाल पर कौशल नाम व्यक्ति पर लोहे की रॉड से हमला करके कार में डालकर ले जाने का प्रयास किया था। इस मामले में पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसके अलावा गैंगस्टर समेत दो अन्य मामलों में वांछित होने के कारण उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसके कब्जे से तमंचा-कारतूस बरामद किया गया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *