बरेली। पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स के आह्वान पर बुधवार को बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। पीलीभीत बाईपास रोड स्थित केनरा बैंक क्षेत्रीय कार्यालय पर शाम साढ़े पांच बजे बड़ी संख्या में कर्मचारी जुटे और सरकार से लंबित मांग पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग उठाई। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स के जिला संयोजक नवीन्द्र कुमार ने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था की मांग दो वर्ष से अधिक समय से लंबित है, जबकि बैंकिंग संगठनों और प्रबंधन स्तर पर इस संबंध में सहमति हो चुकी है। केंद्र सरकार और उससे जुड़े अधिकांश कार्यालयों में पांच दिवसीय कार्य व्यवस्था लागू है, लेकिन बैंक कर्मचारी अब भी सप्ताह में छह दिन सेवाएं दे रहे हैं। चरण सिंह यादव ने कहा कि बढ़ते कार्यभार और अतिरिक्त जिम्मेदारियों के बावजूद कर्मचारी पूरी निष्ठा से सेवाएं दे रहे हैं। पांच दिवसीय व्यवस्था से कार्य और जीवन में बेहतर संतुलन बनेगा तथा कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ेगी। जिलाध्यक्ष पीके माहेश्वरी ने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था कर्मचारियों के साथ पूरी बैंकिंग व्यवस्था के हित में है। उपाध्यक्ष संतोष तिवारी ने कर्मचारियों से आंदोलन में एकजुट होकर भाग लेने की अपील की। महिला प्रकोष्ठ की संयोजक रश्मि शर्मा ने कहा कि इससे महिला कर्मचारियों को पारिवारिक और सामाजिक दायित्वों के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा। पूर्व अध्यक्ष सुनील कुमार मित्तल ने कहा कि अब आरपार की लड़ाई है। संजीव मेहरोत्रा, सुनील कुमार मित्तल और सुनीत भटनागर ने कहा कि सरकार से अब आर-पार की लड़ाई का समय आ गया है। यदि शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में विकास कुमार, महेंद्र यादव, आशीष शुक्ला, गरिमा सिंह, मुनीश वावू, रमीज़ अली और शुभम सक्सेना समेत विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल रहे। बैंक ऑफ बड़ौदा क्षेत्रीय कार्यालय पर भी दिया धरना : बरेली। पांच दिवसीय बैंकिंग प्रणाली लागू करने की मांग को लेकर बुधवार को यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स के बैनर तले बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय कार्यालय पर बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने धरना-प्रदर्शन किया। संगठन पदाधिकारियों ने सरकार से जल्द पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग की। प्रदर्शन में सचिव शैलेन्द्र सक्सेना, शशि सुमन, गौरव सिंह समेत प्रसून त्रिवेदी, नसीर अहमद, अविनाश नंदा, महेंद्र कश्यप, शरद कुमार और अन्य कर्मचारी शामिल रहे। सभी ने एकजुट होकर अपनी मांग के समर्थन में आवाज बुलंद की।।
बरेली से कपिल यादव
