बरेली। शहर की सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। बुधवार को नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य की अध्यक्षता में हुई स्वास्थ्य विभाग की बैठक में सफाई व्यवस्था की समीक्षा की गई। इस दौरान पीलीभीत बाईपास रोड से संजय नगर, सेटेलाइट से वनखंडीनाथ मंदिर, कुदेशिया फाटक से लल्ला मार्केट और मिनी बाईपास मार्ग पर नियमित सफाई नहीं होने और जगह-जगह कूड़ा मिलने पर पांच फर्मों पर 95 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।बैठक में नगर आयुक्त ने संबंधित फर्मों को चेतावनी दी कि सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे नियमित रूप से क्षेत्रों का भ्रमण करें और स्थानीय लोगों से संवाद कर सफाई व्यवस्था का फीडबैक लें। बैठक में बार-बार कूड़ा डाले जाने वाले स्थानों को भी चिन्हित करने के निर्देश दिए गए। ऐसे स्थानों पर पहले जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसके बाद नोटिस और फिर जुर्माना आदि कार्रवाई करते हुए स्थान का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा, ताकि दोबारा वहां कूड़ा न डाला जाए। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि सफाई व्यवस्था को लेकर लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर स्वास्थ्य अधिकारी, उप नगर स्वास्थ्य अधिकारी, जोनल ऑफिसर और सफाई निरीक्षकों को शहर की सफाई व्यवस्था में अपेक्षित सुधार लाने और अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।।
बरेली से कपिल यादव
