तेंदुआ को लेकर चला सर्च अभियान, भौआ बाजार में लगा है पिंजरा

क्योलड़िया, बरेली। क्षेत्र में तेंदुआ को लेकर लोग दहशत में है। खेतों पर जाने से कतरा रहे हैं। शुक्रवार को भी वन विभाग की टीम ने सर्च अभियान चलाया। इसके साथ ही ग्रामीणों को सतर्क किया। गोशाला में पशुओं की देखभाल के लिए लोग लाठी डंडे लेकर जा रहे हैं। गांव जवेदा जवेदी के प्रधान गंगाराम ने बताया कि तेंदुआ के दहशत से गांव की गोशाला में पशुओं के लिए चारा देने के लिए गांव के अमर सिंह, स्पेक्टर सिंह, मुनेंद्र सिंह, दीनदयाल दर्जनों ग्रामीणों के साथ लाठी डंडे लेकर जा रहे हैं। वहीं गांव के मनोज कुमार ड्रोन कैमरा से तेंदुआ की निगरानी कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार भौआ बाजार में तेंदुआ सात बकरियों को निवाला बना चुका है। वहीं, वन विभाग की टीम ने गांव के आसपास के इलाकों में कांबिंग भी की। वनकर्मियों ने ग्रामीणों से तेंदुआ की गतिविधि दिखाई देने पर सतर्क रहने और अकेले खेतों की ओर न जाने की अपील की। बीट प्रभारी अकबर अली, संजीव यादव, वनरक्षक वेदपकाश, राकेश, दिवाकर, कालेराम, मानसिंह क्षेत्र के गांव जवेदा जवेदी अनंदापुर कुंवरपुर परसरामपुर में पहुंचकर ग्रामीणों को सजग किया। वहीं, भौआ बाजार में वन विभाग ने तेंदुआ को पकड़ने के लिए पिंजरा लगा रखा है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में तेंदुआ की मौजूदगी को लेकर डर बना हुआ है। खेतों और जंगल की ओर जाने में भी लोग सावधानी बरत रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुआ को जल्द पकड़ने की मांग की है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *