बरेली। जनपद के थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र मे शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक शराबी बेटे ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपने ही पिता को मौत के घाट उतार दिया। नशे मे धुत आरोपी पहले अपनी पत्नी को बुरी तरह पीट रहा था और जब बुजुर्ग पिता अपनी बहू को बचाने आए, तो गुस्से में आकर बेटे ने उन पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल पिता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। थाना क्षेत्र के गांव तैयतपुर निवासी बाबूराम शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा। घर आते ही किसी बात को लेकर उसका अपनी पत्नी से विवाद हो गया और उसने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। घर में चीख-पुकार और शोरगुल सुनकर बाबूराम के बुजुर्ग पिता रामदीन कोरी (पुत्र जसवंत) वहां पहुंचे और बीच-बचाव कर बेटे को शांत कराने की कोशिश करने लगे। पिता का बीच मे आना शराबी बेटे बाबूराम को नागवार गुजरा। गुस्से में पागल हुए बाबूराम ने घर में रखा चाकू उठा लिया और अपने पिता रामदीन पर लगातार कई वार कर दिए। चाकू के वार से रामदीन बुरी तरह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। अधिक खून बह जाने के कारण बुजुर्ग पिता ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया। मासूम पोती की आंखों के सामने हुई इस खौफनाक वारदात ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। मृतक की पोती (आरोपी की बेटी) हिमांशी ने इस पूरी घटना को अपनी आंखों से देखा। हिमांशी ने बताया “पापा शराब पीकर आए थे और मां को बुरी तरह पीट रहे थे। दादा जब मां को बचाने पहुंचे, तो पापा ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस हत्या की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और मृतक रामदीन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी बाबूराम की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।।
बरेली से कपिल यादव
