शादी के आठ माह बाद विवाहिता की मौत, पिता ने लगाया हत्या का आरोप

बरेली। जनपद के थाना इज्जतनगर क्षेत्र में 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसकी शादी आठ महीने पहले हुई थी। मायका पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, पति का कहना है कि उसकी पत्नी की मौत बीमारी के कारण हुई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। सोमवार को पोस्टमॉर्टम हाउस पर पहुंचे प्रेमनगर क्षेत्र के बानखाना निवासी हरिशंकर ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी कामिनी मौर्य की शादी एक नवंबर 2025 को विकास मौर्य से की थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष कामिनी को परेशान और प्रताड़ित करता था। परिजनों के अनुसार, रविवार शाम विकास ने कामिनी की तबीयत खराब होने की सूचना दी थी। सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। पति विकास मौर्य ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि कामिनी एक सप्ताह से अधिक समय से बीमार थी और उसका लगातार इलाज चल रहा था। हालत बिगड़ने पर उसे पहले एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, फिर दूसरे अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई। विकास ने पति-पत्नी के बीच किसी विवाद से इन्कार किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *