स्कूल चलो अभियान के तहत निकाली गई जागरूकता रैली; शिक्षा का समझाया महत्व

बरेली। शासन के निर्देशानुसार संचालित स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत कम्पोजिट विद्यालय जोगीठेर में शुक्रवार को जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व एआरपी प्रियंका शर्मा औऱ राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक लाल बहादुर गंगवार ने किया। रैली का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करना तथा अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।

रैली को विद्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर गांव के प्रमुख मार्गों से होकर भ्रमण किया। इस दौरान बच्चों ने “हर बच्चा स्कूल जाए, शिक्षित होकर देश बनाए”, “सब पढ़ें, सब बढ़ें” तथा “शिक्षा है जीवन का आधार” जैसे प्रेरक नारे लगाए। ग्रामीणों और अभिभावकों से अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने तथा नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की गई।

प्रधानाध्यापक लाल बहादुर गंगवार ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। सरकार द्वारा बच्चों को निःशुल्क शिक्षा, पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म, मध्यान्ह भोजन सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने अभिभावकों से इन योजनाओं का लाभ उठाते हुए प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने का आह्वान किया।

रैली में विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम को सफल बनाने में रमेश सागर, गीता यादव, नीलम सक्सेना, दीपा गुप्ता, रेनू गंगवार, गौरव गंगवार, रूचि दिवाकर, रिम्पल सिंह, मीनू रस्तोगी, कृष्णा स्वाति, आकांक्षा रावत, मोहन सिंह, सुधांशु कुमार, बेबी तबस्सुम, चरण सिंह तथा पंडित अनिल कुमार शर्मा सहित विद्यालय परिवार का विशेष सहयोग रहा।

अंत में विद्यालय परिवार ने संकल्प लिया कि क्षेत्र का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और प्रत्येक पात्र बच्चे का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *