बरेली। जनपद मे बुखार के साथ मलेरिया के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में मलेरिया के मरीजों की संख्या करीब 200 तक पहुंच गई है। बढ़ते संक्रमण को देखते हुए रविवार को जिले के 81 केंद्रों पर स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया गया, जहां बुखार, डायरिया और मलेरिया जैसे लक्षण वाले लोगों की जांच की गई। स्वास्थ्य मेलों में मलेरिया की किट से संदिग्ध मरीजों की जांच की गई। जिन लोगों में लक्षण मिले, उन्हें दवाएं दी गईं और जरूरत पड़ने पर आगे की जांच व उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्रों पर भेजा गया। मेलों में कुल 3100 मरीजों का पंजीकरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दस्तक अभियान के तहत लोगों को जागरूक भी किया। ग्रामीणों और शहरी क्षेत्रों से आए लोगों को घर और आसपास पानी जमा न होने देने, पूरी बांह के कपड़े पहनने, मच्छरदानी का इस्तेमाल करने तथा बुखार आने पर तुरंत जांच कराने की सलाह दी गई।।
बरेली से कपिल यादव
