शाही, सीबीगंज, बरेली। जनपद के थाना सीबीगंज मे सर्राफ की दुकान मे चोरों ने नकब लगाकर करीब सात लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण व गल्ले में रखे बीस हजार रुपये चोरी कर लिए। पुलिस ने दुकान मालिक की ओर से अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। किला क्षेत्र के गढ़ैया निवासी रूपकिशोर रस्तोगी की सर्राफा दुकान सीबीगंज के गांव दौली रघुबर दयाल में मठिया के पास है। उन्होंने थाना प्रभारी विनोद कुमार को बताया कि वह रोज की तरह गुरुवार की शाम अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। शुक्रवार को साप्ताहिक बंदी होने के कारण उसकी दुकान बंद रहती है। शनिवार सुबह उनके पड़ोसी दुकान वाले ने फोन पर सूचना दी कि दुकान की दीवार की ईंटे निकली हुई हैं। सूचना पर वह मौके पर पहुंचे तब देखा कि दीवार की एक साइड से लिंटर के पास नकब लगा हुआ है। दुकान का ताला खोला तो तिजोरी का लॉक टूटा हुआ था। तिजोरी में रखे दो किलो चांदी के आभूषण, दस ग्राम सोने की लौंग व कान की बाली आदि आभूषण गायब थे। गल्ले मे रखे करीब बीस हजार रुपये भी नही थे। डायल 112 को सूचना दी तो पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित सर्राफ ने रविवार को घटना की तहरीर थाने में दी। थाना प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि सराफ की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है। चोरों की तलाश की जा रही है। शाही के गांव में भी नकब लगाकर चोरी : शाही थाने के गांव तुरसापट्टी के घर में भी चोरों ने नकब लगा लिया। चोर इस घर से लाखों रुपये के जेवर व नकदी चोरी कर ले गए। सुबह जब ग्रामीणों को जानकारी हुई तो मौके पर काफी भीड़ लग गई। सूचना दी तो शाही थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। इज्जतनगर में छत के रास्ते घर में घुसे चोर : इज्जतनगर थाना क्षेत्र की रामेश्वर कॉलोनी, गली नंबर-7 निवासी राधा गंगवार पत्नी स्वर्गीय राजीव कुमार गंगवार किराये के मकान में अपने दो बच्चों के साथ रहती हैं। पीड़िता के अनुसार शुक्रवार रात वह अपने दो बच्चों के साथ एक कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान अज्ञात चोर छत के रास्ते घर में घुस आए। चोरों ने पहले उनके कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और दूसरे कमरे में रखी सेफ का ताला तोड़कर उसमें रखे दो सोने की चेन, दो सोने के लॉकेट, तीन सोने की अंगूठियां, पांच जोड़ी सोने के कुंडल, करीब छह से सात तोला सोना, लगभग 400 ग्राम चांदी की पायल और आठ हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। सुबह नींद खुलने पर राधा गंगवार ने देखा कि सेफ का सारा सामान बिखरा पड़ा है और जेवर-नकदी गायब हैं। मकान मालिक ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।।
बरेली से कपिल यादव
