शाही, बरेली। जनपद के थाना शाही क्षेत्र के गांव तुरसा पट्टी मे जर्जर छज्जा गिरने से 70 वर्षीय महिला और उसकी छह वर्षीय नातिन की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। नत्थो देवी के बेटे आनंदस्वरूप ने बताया कि उनके परिवार मे भाई यशपाल और विजयपाल का परिवार एक ही घर में रहता है। घर का एक हिस्सा कच्ची छत का बना था जो कुछ समय पहले भरभरा कर गिर गई थी। दीवार के सहारे छज्जा बचा हुआ था। शनिवार शाम करीब 6 बजे मां नत्थो देवी (70) के साथ भाई यशपाल की बेटी दीपांजलि (6) और बेटा संदेश (10) इसी बचे हुए छज्जे के नीचे चारपाई पर बैठे थे। संदेश पढ़ाई के लिए पेंसिल लेने उठकर चला गया था। इसी दौरान अचानक छज्जा गिर गया और नत्थो देवी व दीपांजलि उसके नीचे दब गईं। चीख-पुकार सुनकर घर व आसपास के लोग दौड़े और मलबा हटा कर दोनों को बाहर निकाला। गंभीर हालत में परिजन उन्हें कस्बे के एक निजी अस्पताल ले गए। घायलों की स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने बरेली रेफर कर दिया। बरेली पहुंचने पर डॉक्टरों ने मां-बेटी को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर देर रात पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवो को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह बताया दोनों मृतकाओं के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए है।।
बरेली से कपिल यादव
