बिथरी चैनपुर, बरेली। मुहर्रम के जुलूस मे रुपये उड़ाने को लेकर बिथरी के पदारथपुर गांव मे हुए विवाद में पुलिस ने अब 82 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसमें से 12 लोगों को नामजद किया गया है। बाकी 70 लोगों को अज्ञात मे आरोपित बनाया गया है। आरोप है कि दंगाइयों ने पुलिस भी अभद्रता की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। इस हमले में पुलिस के एक कांस्टेबल को भी चोट लगी थी। मुहर्रम पर पिछले शुक्रवार को बिथरी के पदारथपुर गांव में जुलूस निकाला जा रहा था। यह जुलूस इमाम चौक से शुरू होकर बड़ी मस्जिद तक जाना था। उधर, दूसरी ओर बिथरी के ही भिंडौलिया गांव से दूसरा जुलूस भी बड़ी मस्जिद तक आया। गांव में जब दोनों जुलूस एक स्थान पर मिले तो तेज-तेज आवाज में ढोल नगाड़े बजने लगे। दोनों जुलूस मे सैकड़ों की संख्या मेभीड़ थी। इसी बीच जुलूस के बीच से कुछ लोगों ने रुपये उड़ाना शुरू कर दिया। दोनों तरफ से रुपये उड़ाने को लेकर जुलूस मे शामिल विरासत, फिरासत, लक्की, फईम, तस्लीम, बुंदन खां, अमजद खां, राशिद, गुड्डू उर्फ शरीफ खां, मुजाहिद, अहमद अली, राशिद व करी 70 अज्ञात लोग आपस में विवाद करने लगे। देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर मारपीट होने लगी। जिससे पूरे जुलूस में भगदड़ मच गई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों पक्षों के करीब 15-20 लोग घायल हो गए। ड्यूटी मे तैनात पुलिस ने पहले उन्हें समझाने का प्रयास किया मगर जब हालात बेकाबू होते दिखाई दिए तो पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने लाठियां फटकारी तो भीड़ तितर-बितर हुई। थाने से और फोर्स मंगवाई गई तो हालात को काबू किया गया। इधर, दोनों पक्षों की मारपीट के दौरान जब पुलिस ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो दंगाइयों ने पुलिस पर भी हमला कर दिया। जिसमें एक सिपाही को चोट लगी। बाद में कार्रवाई के डर से दोनों पक्षों ने आपस मे समझौता कर लिया। मगर पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को चिह्नित करना शुरू कर दिया। अब गुरुवार को दोनों पक्षों के 82 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना हैं कि जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।।
बरेली से कपिल यादव
