बहेड़ी, बरेली। जनपद के थाना बहेड़ी पुलिस ने बुधवार दोपहर एक बजे वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह के तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सात चोरी के दोपहिया वाहन और 12 मास्टर चाबियां बरामद की है। बरामद वाहनों में बहेड़ी से चोरी हुई एक होंडा लिवो बाइक भी शामिल है। पुलिस के अनुसार 30 जून को वन विभाग तिराहे के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान तीन युवकों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में संतोषजनक जवाब न मिलने पर सख्ती से पूछताछ की गई। जिसमें उन्होंने चोरी के वाहनों का राज उगल दिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक खंडहर के पीछे छिपाकर रखी गई सात चोरी की मोटरसाइकिलें और 12 मास्टर चाबियों का गुच्छा बरामद किया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बरामद अधिकांश वाहन विभिन्न जिलों और दूसरे राज्यों से चोरी किए गए थे, जिनकी ई-एफआईआर पहले से दर्ज है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शीशगढ़ थाना क्षेत्र के ढकिया गांव निवासी लखविंदर (19), विपिन (19) तथा पीलीभीत जिले के जहानाबाद थाना क्षेत्र के कुंडारा गांव निवासी शिवा (20) के रूप मे हुई है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे मौज-मस्ती और निजी खर्च पूरे करने के लिए मोटरसाइकिल चोरी करते थे। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे पहले इलाके की रेकी करते थे और सुनसान स्थानों पर खड़े वाहनों को निशाना बनाते थे। मास्टर चाबियों की मदद से बाइक चोरी कर उन्हें कुछ दिनों तक छिपाकर रखते थे। बाद में उन्हें बेचने या अपने उपयोग में लाने की योजना बनाते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।।
बरेली से कपिल यादव
