1000 से अधिक आवारा मवेशियों के लिए बनेगी अत्याधुनिक गौशाला, पशुपालन मंत्री ने किया भूमि पूजन

बरेली। बरेली कैंट बोर्ड ने आवारा मवेशियों की समस्या के स्थायी समाधान के लिए एक महत्वाकांक्षी परियोजना शुरू की है। ठिरिया रोड पर 1000 से अधिक मवेशियों की क्षमता वाली आधुनिक गौशाला का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। सोमवार को उत्तर प्रदेश के पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह ने भूमि पूजन कर परियोजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सांसद छत्रपाल गंगवार, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, सैन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कैंट बोर्ड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. तनु जैन ने बताया कि गौशाला का उद्देश्य आवारा मवेशियों को सुरक्षित आश्रय प्रदान करना और वैज्ञानिक तरीके से उनका संरक्षण करना है। गौशाला में बड़े और हवादार शेड, प्रसूति एवं बछड़ा देखभाल इकाइयां, आधुनिक पशु चिकित्सा केंद्र, क्वारंटाइन जोन, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था और वैज्ञानिक चारा प्रबंधन जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परियोजना को पर्यावरण अनुकूल बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। गौशाला में सौर ऊर्जा संयंत्र, बायोगैस और बायो-सीएनजी उत्पादन इकाइयां, वर्षा जल संचयन प्रणाली तथा जैविक खाद निर्माण की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। अधिकारियों के अनुसार, गोबर और अन्य जैविक संसाधनों का उपयोग कर चक्रीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने का भी लक्ष्य रखा गया है। गौशाला परिसर मे प्रशासनिक भवन, यज्ञशाला, गौ-मंदिर, अतिथि सुविधाएं, सीसीटीवी सर्विलांस, डिजिटल निगरानी प्रणाली और स्मार्ट प्रबंधन व्यवस्था भी स्थापित की जाएगी। इससे संचालन को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाया जा सकेगा। पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि बरेली छावनी बोर्ड की यह पहल प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर की गौशालाओं के लिए एक आदर्श मॉडल बन सकती है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना पशुधन संरक्षण, पर्यावरणीय स्थिरता और संसाधनों के बेहतर उपयोग के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *