एयरफोर्स गेट के पास मिठाई की दुकान में लगी भीषण आग, सिलिंडर फटने से हुआ धमाका

बरेली। जनपद के थाना इज्जतनगर क्षेत्र मे बैरियर वन चौकी नैनीताल रोड पर मंगलवार तड़के मिठाई की दुकान में भीषण आग लग गई। आग के दौरान मौके पर सिलिंडर भी फट गया। दमकल की छह गाड़ियों ने मौके पर जाकर आग पर काबू पाया। आग की घटना से इलाके में अफरातफरी मची रही। एफएसओ संजीव कुमार ने बताया कि एयरफोर्स गेट के पास पी कुमार नाम की मिठाई की दुकान व स्टोर में मंगलवार तड़के आग लग गई। दुकान से धुआं निकलने लगा। उस समय आसपास की दुकानें बंद थीं। स्थानीय लोगों ने दुकान से धुआं उठते देखा तो दमकल को सूचना दी। टीम आने से पहले अंदर रखे एलपीजी के सिलिंडर भी आग की चपेट में आ गए। एक सिलिंडर जोरदार आवाज के साथ फट गया। तब आसपास घरों से भी लोग बाहर आ गए। थोड़ी देर में अग्निशमन टीम पहुंच गई। एक के बाद एक करके छह गाड़ियों से पानी डालकर आग को बुझाया गया। घटना के समय दुकान पर बाहर से ताला लगा हुआ था। आग किन कारणों से लगी, इसका स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। एफएसओ ने बताया कि टीम ने घटना की जांच शुरू कर दी है। आग से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *