बरेली। सिविल लाइंस स्थित सिटी सेंटर एलए मॉल मे रविवार को बड़ा हादसा टल गया। मॉल की लिफ्ट अचानक खराब होने से कई लोग उसमें फंस गए। करीब 45 मिनट तक लिफ्ट बंद रहने से अंदर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। घुटन और दहशत के बीच एक बच्ची बेहोश हो गई। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने मॉल परिसर में हंगामा किया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सुभाषनगर निवासी अधिवक्ता एवं कारोबारी नमनदीप सिंह ने बताया कि वह भी परिवार के साथ मॉल में गए थे। उनके अलावा हरमीत कौर, तिलकराम, आयुष गंगवार, शालिनी गंगवार समेत कई लोग लिफ्ट में सवार थे। जिनमें करीब के साल के तीन बच्चे और महिलाएं भी थी। अचानक तकनीकी खराबी आने से लिफ्ट बीच में ही रुक गई। अंदर फंसे लोगों ने मदद के लिए आवाज लगाई और इमरजेंसी अलार्म का भी सहारा लिया, लेकिन काफी देर तक कोई राहत नहीं मिली। लंबे समय तक बंद लिफ्ट में रहने के कारण लोगों का दम घुटने लगा। इसी दौरान एक बच्ची की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई।।
बरेली से कपिल यादव
