मुठभेड़ मे डकैती के चार आरोपी गिरफ्तार, गोली लगने से दो घायल, हाथ जोड़कर रोते हुए मांगी माफी

बहेड़ी, बरेली। जनपद के थाना बहेड़ी पुलिस ने महिलाओं से कुंडल लूटने की घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चार बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। जिनमें से दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से लूटे गए कुंडल और अवैध हथियार बरामद किए है। सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि 18 जून 2026 को चुरेली नहर पुलिया के पास डकैती की घटना हुई थी। चंद्रपाल अपनी पत्नी और साली के साथ ससुराल से लौट रहे थे। तभी दो बाइक पर सवार छह बदमाशों ने उनसे कुंडल छीन लिए थे। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना के अनावरण के लिए सर्विलांस, एसओजी और बहेड़ी थाना की संयुक्त टीमें गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान की गई। 20 जून की रात दरोगा मोहित मावी पुलिस बल के साथ पचपेड़ा चौराहे पर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुड़िया नवी बख्श की ओर से दो बाइक पर छह संदिग्ध व्यक्ति आते दिखे। पुलिस को देखकर बदमाश वापस भागने लगे, जिस पर पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। आगे से प्रभारी निरीक्षक बहेड़ी की गाड़ी आती देख बदमाशों ने अपनी बाइकें लभेदी गांव की ओर मोड़ दीं। तेज रफ्तार के कारण दोनों बाइकें गिर गईं। ललित और सचिन नामक दो बदमाश चोटिल हो गए। चार अन्य बदमाश खेतों की ओर भागे और पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में विकास और सौरभ नामक दो बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे घायल होकर गिर गए। पुलिस ने विकास, सौरभ, ललित और सचिन को गिरफ्तार कर लिया। उनके दो साथी मौके से फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश जारी है। गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से लूटे गए एक जोड़ी कुंडल बरामद हुए हैं। इसके अलावा, पुलिस ने तीन अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त दो बाइकें भी बरामद की हैं। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और उनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *