योगमय हुआ बरेली, मंत्री-अफसरों के साथ हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास

बरेली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को बरेली के स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला प्रशासन और आयुष विभाग ने योग कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया। सुबह पांच बजे से ही बड़ी संख्या में लोग स्टेडियम पहुंचने लगे। देखते ही देखते पूरा मैदान योग साधकों से भर गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अनमोल धरोहर है। नियमित योग से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है। सांसद छत्रपाल गंगवार, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, कुंवर महाराज सिंह, नवाबगंज विधायक डॉ. एमपी आर्य, विधायक मीरगंज डॉ. डीसी वर्मा, बिथरी विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा और कैंट विधायक संजीव अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वही स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिलाधिकारी अविनाश सिंह और मुख्य विकास अधिकारी देवयानी समेत जिले के तमाम अधिकारी भी मौजूद थे। सभी ने योगाचार्यों के निर्देशन में योगाभ्यास किया। उन्होंने सभी लोगों से नियमित योग करने की अपील की। स्पोर्ट्स स्टेडियम के अलावा गांधी उद्यान और कैंट स्थित साई स्टेडियम में भी योग कार्यक्रम आयोजित हुए। गांधी उद्यान में महापौर डॉ. उमेश गौतम, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य समेत नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। इन स्थानों पर भी शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर योग किया और स्वस्थ रहने का संदेश दिया। जिले के तहसील मुख्यालयों और ब्लॉक स्तर पर भी योग के कार्यक्रम आयोजित किए गए। योग को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कई लोगों ने अपने घरों की छतों और पार्कों में भी योगाभ्यास किया। नवाबगंज नगर व देहात क्षेत्र में जगह-जगह योग दिवस मनाया गया। सैकड़ों लोगों ने योग किया। उधर, शीशगढ़ कस्बा में भी योग कार्यक्रम हुए। लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर योग किया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *