राजस्थान/बाड़मेर- लंबे समय से क्षेत्र के प्रवासी बंधुओं, व्यापारियों एवं आमजन द्वारा की जा रही मांग को पूरा करते हुए रविवार से साबरमती-बीकानेर रेल सेवा का शुभारंभ हो गया। रेल सेवा के प्रारंभ होने पर मोकलसर रेलवे स्टेशन पर उत्साह का माहौल रहा। इस अवसर पर सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल ने क्षेत्रवासियों के साथ नवप्रारंभ रेलगाड़ी का स्वागत किया तथा केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
विधायक हमीर सिंह भायल ने कहा कि साबरमती-बीकानेर रेल सेवा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि इस रेल सेवा की मांग लंबे समय से प्रवासी बंधुओं एवं क्षेत्र की जनता द्वारा की जा रही थी।जनभावनाओं को देखते हुए उन्होंने इस मांग को प्रमुखता से केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष रखा था, जिसके सकारात्मक परिणामस्वरूप आज यह बहुप्रतीक्षित रेल सेवा शुरू हो सकी है।
उन्होंने कहा कि यह रेल सेवा राजस्थान और गुजरात के बीच आवागमन को और अधिक सुगम बनाएगी। बड़ी संख्या में रोजगार, व्यवसाय एवं अन्य कारणों से गुजरात में निवास करने वाले क्षेत्र के लोगों को अब यात्रा में विशेष सुविधा मिलेगी। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र की आर्थिक प्रगति को नई गति प्राप्त होगी।
विधायक भायल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में रेलवे के आधुनिकीकरण एवं विस्तार के अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। नई रेल सेवाओं, रेलवे स्टेशनों के विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार से आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है। साबरमती-बीकानेर रेल सेवा भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने क्षेत्र की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार आमजन की आवश्यकताओं और जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। इस नई रेल सेवा से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी मजबूती प्राप्त होगी। रेल सेवा के स्वागत कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि , सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी वर्ग, प्रवासी परिवारों के सदस्य तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। स्टेशन पर लोगों ने रेलगाड़ी का स्वागत कर खुशी व्यक्त की और इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बताया।
— राजस्थान से राजूचारण
