लाइनमैन के घर छापा, ट्रांसफार्मर व लाखों के बिजली उपकरण बरामद

भुता, बरेली। जनपद के थाना भुता क्षेत्र मे लखनऊ से निर्देश मिलने के बाद भुता के एसडीओ विपुल शुक्ला ने टीम के साथ प्राइवेट लाइनमैन के घर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान घर में बने गोदाम से 63 केवीए, 25 केवीए और 10 केवीए क्षमता के कई ट्रांसफार्मर बरामद किए गए। इसके अलावा बड़ी मात्रा में बंच केबल और अन्य बिजली उपकरण भी मिले। अधिकारियों के मुताबिक बरामद सामग्री की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। छापेमारी के दौरान विभागीय टीम ने सभी उपकरणों की सूची तैयार की और उन्हें कब्जे में लेकर बिजली निगम के स्टोर इंचार्ज को सुपुर्द कर दिया। मामले में लाइनमैन से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। भाजपा नेताओं ने पूरे मामले को गंभीर बताते हुए लाइनमैन के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कराने की मांग उठाई है। भुता के कुआडांडा बिजलीघर पर पड़ोसी गांव निवासी मुख्तियार सिंह प्राइवेट लाइनमैन के रूप में कार्यरत है। भाजपा मंडल अध्यक्ष श्यामदेव सिंह चौहान और उनके साथियों ने कुछ दिन पहले ऊर्जा मंत्री से शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि लाइनमैन ने अपने घर को बिजली उपकरणों का गोदाम बना रखा है। वहां बड़ी संख्या में ट्रांसफार्मर, बंच केबल और अन्य विभागीय उपकरण रखे गए हैं। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में ट्रांसफार्मर फुंकने पर उपभोक्ताओं से चार से छह हजार रुपये लेकर लाइनमैन अपने पास रखे ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराता था।विभागीय सामग्री का निजी स्तर पर उपयोग और भंडारण किया जा रहा है। ऊर्जा मंत्री ने इसकी जांच बरेली के एक्सईएन को सौंपी। मामला भुता और फरीदपुर क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि विभागीय सामग्री निजी घर तक कैसे पहुंची। मामले मे भाजपा मंडल अध्यक्ष श्यामदेव सिंह चौहान ने विभागीय कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में विभागीय सामान बरामद होने के बावजूद अभी तक लाइनमैन को कार्यमुक्त नहीं किया गया है। एफआईआर भी दर्ज नहीं कराई गई। श्यामदेव सिंह चौहान ने कहा कि यदि विभाग जल्द सख्त कार्रवाई नहीं करता तो शिकायत मुख्यमंत्री से करेंगे।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *