बरेली। 2017 बैच की आईएएस अधिकारी सौम्या पांडेय ने शनिवार को बीडीए उपाध्यक्ष का पदभार ग्रहण कर लिया। पद संभालते ही उन्होंने विकास कार्यों को गति देने और अवैध निर्माणों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि शहर में अवैध कॉलोनियों और नियम विरुद्ध निर्माण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में बुलडोजर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कानपुर मे अपर श्रमायुक्त के पद पर कार्यरत रही सौम्या पांडेय को आरएफसी बरेली का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने बीडीए कार्यालय का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ बैठक कर प्राधिकरण की योजनाओं व विकास परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी ली। नई वीसी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता वाली परियोजनाएं, जिनमें रामायण वाटिका और विभिन्न टाउनशिप परियोजनाएं शामिल है। उन्हें तय समय सीमा मे पूरा कराया जाएगा। विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नही की जाएगी। सौम्या पांडेय ने अवैध कॉलोनियों के कारोबार में लिप्त भू-माफियाओं को भी कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बिना स्वीकृति विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने बीडीए के अभिलेख कक्ष का भी निरीक्षण किया और विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट देखी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी कार्य पारदर्शिता और नियमों के अनुरूप किए जाए।।
बरेली से कपिल यादव
