भियाड क्षेत्र में देरी से ही सही लेकिन बिजली चोरों पर डिस्कॉम द्वारा कार्यवाही से मचा हड़कंप

राजस्थान/बाड़मेर- विद्युत चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डिस्कॉम की सतर्कता शाखा ने भियाड उपखंड क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 स्थानों पर औचक जांच पड़ताल की। जांच के दौरान 8 उपभोक्ताओं एवं गैर-उपभोक्ताओं के परिसरों में विद्युत चोरी पाए जाने पर मौके पर ही सतर्कता रिपोर्ट तैयार कर करीब 2.40 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। यह कार्यवाही सतर्कता शाखा के सहायक अभियंता दीपेंद्र मल्होत्रा के नेतृत्व में गठित टीम ने सहायक अभियंता भियाड प्रदीप चौधरी एवं कनिष्ठ अभियंता आलोक तिवारी के साथ संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया। टीम ने विभिन्न गांवों एवं ढाणियों में पहुंचकर 15 कनेक्शनों की जांच की, जहां 8 स्थानों पर बिना वैध कनेक्शन के बिजली
उपयोग तथा मीटर को दरकिनार कर अवैध रूप से विद्युत उपभोग करने के मामले सामने आए।

सहायक अभियंता भियाड प्रदीप चौधरी एवं कनिष्ठ अभियंता आलोक तिवारी ने बताया कि बिजली चोरों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान कैलाशदान पुत्र दुर्गादान, मंगलाराम पुत्र हेमाराम, नागाराम पुत्र सोनाराम, जियाराम पुत्र धुड़ाराम, धर्माराम पुत्र रायमलराम, जीवनदान पुत्र ठाकरदान, शंभूदान पुत्र ठाकरदान तथा भीमदान पुत्र ठाकरदान शामिल हैं। सतर्कता दल ने सभी दोषी पाए गए परिसरों के विद्युत संबंध तत्काल प्रभाव से विच्छेद कर दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयावधि में जुर्माना राशि जमा नहीं कराने वाले आरोपियों के खिलाफ निगम नियमों के अनुसार एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

डिस्कॉम अधिकारियों ने बताया कि विद्युत चोरी से निगम को आर्थिक नुकसान पहुंचने के साथ-साथ आम उपभोक्ताओं पर भी अतिरिक्त भार पड़ता है। ऐसे मामलों पर अंकुश लगाने के लिए भविष्य में भी सतर्कता अभियान लगातार जारी रहेंगे। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से वैध विद्युत कनेक्शन लेकर ही बिजली उपयोग करने तथा किसी भी प्रकार की विद्युत चोरी से बचने की अपील की हैं। इस विभागीय कार्रवाई से क्षेत्र में बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *