सीबीगंज, बरेली। जनपद के थाना सीबीगंज से कुछ दूरी पर स्थित आईटीआर मार्केट की एक मिठाई की दुकान में मंगलवार सुबह आग लग गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आईटीआर कॉलोनी के गेट पर गौरव अग्रवाल की नारायण स्वीट्स एंड कंफेक्शनरी नाम से मिठाई की दुकान है। सोमवार रात गौरव दुकान बंद करके घर गए और मंगलवार सुबह करीब सवा छह बजे राहगीरों ने दुकान से धुआं निकलते देखा। कुछ ही देर में दुकान से लपटें निकलने लगी। आसपास के लोगों ने तत्काल दुकानदार, पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आग पर काबू पाया। इस दौरान आसपास के दुकानदार आग फैलने को लेकर दहशत में रहे। आग से दुकान में रखी मिठाइयां, कंफेक्शनरी का सामान, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य जरूरी सामान जल गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।।
बरेली से कपिल यादव
