बिथरी, बरेली। जनपद के थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र के पहाड़पुर इलाके में रविवार देर रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे सो रहे मजदूरों पर चढ़ गई। हादसे में सात मजदूर घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के बाद चालक कार समेत मौके से फरार हो गया। थाना भमोरा क्षेत्र के गांव फिरोजपुर निवासी श्रीराम ने बताया कि वह अपने साथियों अमर सिंह, नेपाली, उमेश, नन्हे समेत करीब दस मजदूरों के साथ पहाड़पुर स्थित बीडीए कॉलोनी क्षेत्र मे सड़क निर्माण का काम कर रहे थे। देर रात काम खत्म होने के बाद सभी मजदूर सड़क किनारे आराम कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर मजदूरों के ऊपर चढ़ गई। इस हादसे में छह से सात मजदूर घायल हो गए, जबकि अन्य साथी बाल-बाल बच गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भेजा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फरार कार चालक की तलाश की जा रही है। गनीमत रही कि हादसे मे कोई जनहानि नहीं हुई, नही तो बड़ा हादसा हो सकता था।।
बरेली से कपिल यादव
