बरेली। जनपद के थाना बारादरी क्षेत्र के कसाई टोला मे सोमवार सुबह एक कबूतरखाना में अचानक आग लग गई। हादसे में कई कबूतर जिंदा जल गए, जबकि कई गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह हादसा सोमवार सुबह कुतुब शाह की जियारत के पास हुआ। बताया जा रहा है कि उवैस ने अपने मकान की छत पर कबूतरखाना बना रखा था, जहां बड़ी संख्या में कबूतर रखे गए थे। सोमवार सुबह अचानक कबूतरखाना से धुआं और आग की लपटें उठने लगी। देखते ही देखते आग ने पूरे ढांचे को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक कई कबूतर जिंदा जल चुके थे। कई कबूतर गंभीर रूप से झुलस गए। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, तब तक दड़बे में मौजूद कई दर्जन कबूतरों की मौत हो चुकी थी। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। बारादरी पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया है। चूंकि आग तंग गली के अंदर लगी थी तो स्थानीय लोगों ने दमकल स्टाफ को सूचना ही नहीं दी। एफएसओ संजीव कुमार ने बताया कि आग लगने के बारे में केंद्र पर कोई सूचना नहीं है। टीम भेजकर जांच कराई जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
