पुलिस ने 95 लाख के 462 मोबाइल लौटाए, खिले चेहरे

बरेली। पुलिस ने मई माह मे 462 गुमशुदा मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को लौटाए, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 95 लाख रुपये है। इस पहल से न केवल लोगों को आर्थिक नुकसान से राहत मिली है, बल्कि पुलिस के प्रति उनका विश्वास भी बढ़ा है। रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित रविन्द्रालय मे आयोजित एक कार्यक्रम में जब लोगों को उनके फोन वापस मिले तो उनके चेहरों पर खुशी और सुकून साफ दिखाई दिया। यह अभियान अक्सर मोबाइल गुम होने के बाद वापस मिलने की कम उम्मीद वाले विश्वास को बदल रहा है। एसएसपी के निर्देशन में साइबर सेल, सर्विलांस टीम और विभिन्न थानों के कम्प्यूटर ऑपरेटरों के संगठित प्रयासों का परिणाम है। आधुनिक तकनीक और सीईआईआर पोर्टल का उपयोग करके इन मोबाइलों को ट्रैक कर बरामद किया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इस अभियान के तहत अब तक कुल 5,259 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इनकी अनुमानित कीमत 10.5 करोड़ रुपये से अधिक है। यह आंकड़ा दिखाता है कि बरेली पुलिस ने गुमशुदा मोबाइलों की बरामदगी के लिए एक प्रभावी और भरोसेमंद सिस्टम विकसित किया है। इस दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाली विभिन्न थाना क्षेत्रों की साइबर टीमों को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं और सीईआईआर पोर्टल पर उसे ब्लॉक कराएं। इससे फोन के दुरुपयोग को रोका जा सकेगा और उसकी बरामदगी की संभावना भी बढ़ जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *