बहेड़ी, बरेली। केसर चीनी मिल की जमीन की नीलामी पर सपा विधायक ने चुप्पी तोड़ी है। सपा विधायक एवं पूर्व मंत्री अताउर्रहमान ने बुधवार को बहेड़ी स्थित सपा कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में नीलामी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए भाजपा नेताओं पर मिलीभगत का आरोप लगाया। कहा कि चीनी मिल की बहुमूल्य जमीन और संपत्तियों की नीलामी बाजार मूल्य से काफी कम कीमत पर की गई है, जिससे क्षेत्र के किसानों और आम जनता के हित प्रभावित हुए है। विधायक ने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि शासन को नीलामी प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि नीलामी में कुछ ऐसे भाजपा नेता शामिल थे जो बहेड़ी से विधानसभा टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। उनका कहना था कि यह नीलामी एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा प्रतीत होती है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर नीलामी में व्यापारी और कारोबारी भाग लेते हैं, लेकिन यहां भाजपा के जनप्रतिनिधि बोली प्रक्रिया में मौजूद दिखाई दिए। विधायक ने सवाल उठाया कि जिस व्यक्ति ने बोली लगाई है। उसकी भूमिका और पहचान भी स्पष्ट होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा के जनप्रतिनिधि इस नीलामी को सही ठहराते है तो उन्हें सार्वजनिक रूप से जवाब देना चाहिए। यदि वे जवाब नही देते हैं तो क्षेत्र की जनता और किसान यह मानने को मजबूर होंगे कि पूरे मामले में कई लोग मिले हुए हैं। सपा विधायक ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए वह विधानसभा में भी आवाज उठा चुके हैं। उन्होंने आशंका जताई कि यदि यही स्थिति बनी रही तो भविष्य में फैक्ट्री के अन्य हिस्सों की नीलामी की नौबत भी आ सकती है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का किसान पहले से ही परेशान है और उसके हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक ने कहा कि जनता ऐसे मामलों को भूलेगी नहीं और किसानों के हितों से समझौता करने वालों को माफ नहीं करेगी। प्रेस वार्ता में चौ. बिजेंद्र सिंह, नासिर रजा, चौधरी अनीत पाल, सरदार इकबाल सिंह चीमा, अखलाक अहमद, तस्लीम अहमद आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
