आंधी का कहर: बरेली मे दो महिलाओं की मौत, सुमन पर बिजली का खंभा गिरा, सुनीता तेज हवा में छत से गिरी

बरेली। जनपद मे शनिवार शाम आई आंधी ने कहर बरपाया। आंधी के दौरान जिले के अलग-अलग जगहों पर हुई घटनाओं में दो महिलाओं की मौत हो गई। हाफिजगंज में बाइक सवार दंपती पर बिजली का खंभा गिर गया। जिससे दंपती घायल हो गए। इस हादसे में घायल महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उधर, बिथरी इलाके में आंधी के दौरान एक महिला मकान की दूसरी मंजिल से नीचे गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। हाफिजगंज इलाके में आंधी की वजह से बिजली का खंभा गिरने से सुमन लता (35 वर्ष) की मौत हो गई। मिलक बमनपुरी निवासी मानसिंह ने बताया कि वह शनिवार शाम पत्नी को दवा दिलाकर घर जा रहे थे। इसी दौरान आंधी चलने लगी। गांव के पास मोड़ पर बिजली का खंभा बाइक पर पीछे बैठी सुमन पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मानसिंह को मामूली चोट आई। घायल सुमन को तुरंत नवाबगंज ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बरेली रेफर किया गया। जहां देर रात सुमन ने दम तोड़ दिया। रविवार सुबह सुमन का शव लेकर थाने पहुंच गए। उन्होंने बिजली निगम के कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। मानसिंह ने बताया कि मोड़ पर कई दिनों से खंभा तिरछा था। इसकी शिकायत की, लेकिन जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया। आंधी के दौरान ये खंभा गिर गया और सुमन की जान चली गई। मृतका के पति ने जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। वही बिथरी चैनपुर मे शनिवार शाम तेज आंधी के कारण एक महिला की छत से गिरकर मौत हो गई। वह 26 फुट ऊंचाई की दूसरी मंजिल से काफी दूर पक्के फर्श पर गिरीं। 30 वर्षीय सुनीता सात साल के बेटे के साथ मायके में भाई राधेश्याम के घर पर रह रही थी। राधेश्याम ने बताया कि सुनीता की शादी शाहजहांपुर जिले के खुदागंज में हुई थी। उनके पति ने उन्हें कई साल पहले छोड़ दिया था। शनिवार शाम खाना खाने के बाद सुनीता दूसरी मंजिल पर सोने चली गई थीं। इसी दौरान तेज आंधी आ गई, जिससे वह घबरा गईं। छत से नीचे उतरने के लिए वह जीने की ओर भागी। इससे पहले ही वह आंधी की चपेट में आकर गिर गईं और उसकी जान चली गई।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *