भोजीपुरा, बरेली। जनपद के भोजीपुरा ब्लॉक सभागार मे आयोजित क्षेत्र पंचायत की बैठक मे विकास कार्यों से जुड़े 84 प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित किए गए। बैठक के दौरान हर घर जल योजना की बदहाल स्थिति को लेकर जनप्रतिनिधियों का गुस्सा फूट पड़ा। सदन ने जल निगम की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए विभाग के खिलाफ निंदा प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित कर दिया। गुरुवार की दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुई बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और उनके प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी कार्य योजनाओं का ब्यौरा प्रस्तुत किया। जब जल निगम की समीक्षा की बारी आई तो विभाग के जेई अशोक वर्मा ने बताया कि क्षेत्र की 77 ग्राम पंचायतों में से 19 पंचायतों में हर घर जल योजना शुरू हो चुकी है। जेई के इतना कहते ही सदन में मौजूद क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने विरोध शुरू कर दिया। सदस्यों का आरोप था कि जिन गांवों में योजना शुरू भी हुई है, वहां भी लोगों को नियमित और सुचारु रूप से पानी नही मिल पा रहा है। कहीं पाइपलाइन लीकेज की समस्या है तो कहीं ऑपरेटरों की तैनाती नहीं की गई है। वहीं 58 ग्राम पंचायतों में अब तक योजना शुरू ही नही हो सकी है। घंघोरा पिपरिया के क्षेत्र पंचायत सदस्य विष्णु देव ने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में जल निगम ने पाइपलाइन डालने के लिए करीब 500 मीटर सड़क खोद दी थी, लेकिन आज तक सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। इससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सदन में मौजूद अधिकांश सदस्यों ने जल निगम की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए विभाग के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने की मांग की। इसके बाद सदन ने एक स्वर में जल निगम के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित कर दिया। ब्लॉक प्रमुख योगेश पटेल ने जल निगम के जेई को निर्देश दिए कि सभी गांवों में रोस्टर के अनुसार समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराया जाए और पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।।
बरेली से कपिल यादव
