बरेली। उत्तर प्रदेश आशा वर्कर्स यूनियन की जिलाध्यक्ष शिववती के नेतृत्व मे बुधवार को आशा कार्यकत्रियों ने कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन किया और सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा को ज्ञापन दिया। आशा कार्यकत्रियों ने कहा कि बीते 6 फरवरी को उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के साथ हुई बैठक में 13 मांगों पर सहमति बनी थी लेकिन अब तक आगे की वार्ता नहीं हुई। इससे आशा वर्कर्स में नाराजगी है। ज्ञापन में 1500 रुपये की प्रोत्साहन राशि बढ़ाकर 6000 रुपये करने, मातृत्व अवकाश, साप्ताहिक अवकाश, स्वास्थ्य बीमा और जीवन बीमा बढ़ाने की मांग की गई। हेल्थ कार्ड बनाने के नाम पर वसूली का आरोप : वार्ड 64 के पार्षद ने हेल्थ कार्ड बनाने के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगाया है। पार्षद जयप्रकाश राजपूत ने आरोप लगाया है कि कुछ संदिग्ध लोग घर-घर जाकर महिलाओं, गरीब परिवारों से 250 से 300 रुपये तक वसूल कर रहे हैं। लोगों को बताया जा रहा है कि हेल्थ कार्ड बनवाने पर निजी अस्पतालों में सस्ती और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। मौके पर एक संदिग्ध युवक को लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। हंगामे की सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उसके बाद पूछताछ के लिए संबंधित व्यक्तियों को कोतवाली ले गई। जयप्रकाश राजपूत ने बताया कि इस संबंध में थाना कोतवाली मे लिखित शिकायत भी दी गई है। साथ ही फोटो, वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट के साक्ष्य भी प्रशासन को उपलब्ध कराए गए है।।
बरेली से कपिल यादव
