बरेली। आगामी ईद-उल-अजहा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। मंगलवार को विकास भवन सभागार मे हुई पीस कमेटी की बैठक में जिलाधिकारी अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि खुले में कुर्बानी, प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी और सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो वायरल करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अधिकारियों ने त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील करते हुए कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई का संकेत दिया। बैठक में शहर और देहात के हालात की समीक्षा की गई। पीस कमेटी के सदस्यों ने सबसे ज्यादा बिजली और पानी की समस्या उठाई। इस पर डीएम ने बिजली विभाग को त्योहार के दौरान निर्बाध आपूर्ति देने के निर्देश दिए। बैठक में सबसे ज्यादा जोर सोशल मीडिया पर रहा। डीएम और एसएसपी दोनों ने साफ कहा कि कुर्बानी की वीडियो बनाकर वायरल करने की कोशिश माहौल खराब कर सकती है। अभिभावकों से अपील की गई कि बच्चों को ऐसे वीडियो बनाने से रोकें। पुलिस ने साफ संकेत दिए कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर सीधी कार्रवाई होगी। एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि केवल पारंपरिक आयोजनों की ही अनुमति होगी। बिना अनुमति कोई जुलूस या नया कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि बारिश को देखते हुए ईदगाहों और नमाज स्थलों पर जलभराव न हो, इसके लिए पहले से तैयारी कर ली जाए। पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में छतों पर पड़े ईंट-पत्थरों को हटाने के निर्देश भी दिए हैं। जल्द ही इसकी जांच कराई जाएगी। बैठक मे शहर के तमाम प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी, पीस कमेटी सदस्य और गणमान्य लोग मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
